बदायूँ जिले के सहसवान क्षेत्र में एक दबंग का खौफ इस कदर है कि लोग उसे ‘दूसरा विकास दुबे’ कहने लगे हैं। एक तरफ खिरकवारी मानपुर गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि देवेंद्र व उसके साथियों ने 6 महीने से 30-40 बीघा जमीन पर कब्जा कर अवैध वसूली शुरू कर रखी है। दूसरी तरफ एक पीड़ित परिवार का दावा है कि इसी दबंग ने घर में घुसकर लूटपाट की, बेरहमी से पीटा और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में घायल उनके पिताजी बरेली अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

गांव वालों के मुताबिक इस व्यक्ति का नेटवर्क शराब तस्करी, विधवा महिलाओं की जमीन पर अवैध कब्जे और ठगी तक फैला है। डर का आलम ये है कि कई परिवार खौफ के साए में जी रहे हैं और खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं।

मामला तूल पकड़ने पर मंगलवार को खिरकवारी के ग्रामीण CO सहसवान से मिले। CO ने भरोसा दिया कि गरीबों की जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण पहले DM बदायूँ को भी प्रार्थना पत्र दे चुके हैं।

अब बड़ा सवाल उठ रहा है: योगी सरकार में बड़े-बड़े माफियाओं पर कार्रवाई हुई, कई एनकाउंटर में ढेर हुए या जेल भेजे गए। फिर इस दबंग का खौफ गांव में कायम कैसे है, इसे किसका संरक्षण मिला हुआ है, प्रशासन की अगली कार्रवाई पर पूरे क्षेत्र की नजर है।