बदायूँ- सहसवान! वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत सहसवान पुलिस ने शनिवार को दो अंतरजनपदीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने तस्करों के पास से भारी मात्रा में डोडा छिलका और तस्करी में प्रयुक्त होने वाली स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम शनिवार दोपहर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टेढ़ाघाट पुल के पास घेराबंदी की। दोपहर करीब 02:00 बजे एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP24 AT 6955 को रोककर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। कार के अंदर से 08 किलो 200 ग्राम डोडा छिलका बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुधीर कुमार उर्फ सन्तोष निवासी भदरौलिया, कादरचौक और भूरे निवासी गलौथी दातागंज के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूल किया कि वे ट्रकों और अन्य वाहनों के चालकों से सस्ते दामों में डोडा छिलका खरीदते थे और फिर उसे राह चलते अन्य वाहन चालकों को ऊँचे दामों में बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध मु०अ०सं० 153/26 धारा 8/15/60 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार को धारा 207 MV ACT के तहत सीज कर दिया गया है।
सहसवान पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 8 किलो 200 ग्राम डोडा छिलका व डिजायर कार के साथ दो तस्कर गिरफ्तार