
जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रामगंगा चौबारी मेला स्थल का किया निरीक्षण
व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बरेली, 27 अक्टूबर।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के साथ रामगंगा चौबारी मेला स्थल का भ्रमण कर मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, विद्युत, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि मेले क्षेत्र में साफ-सफाई, मोबाइल टॉयलेट, ट्रैफिक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, और घाटों पर सुरक्षा उपायों को समय रहते पूरा कर लिया जाए। महिलाओं के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने, घाटों के पास गोताखोरों और नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि मेले में चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। वहीं, पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया कि पशु सेवा शिविर लगाकर आने वाले पशुओं के उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों को यह भी निर्देश दिए कि विद्युत तारों की फिटिंग पूरी तरह सुरक्षित ढंग से की जाए तथा रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मेले की सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेले में भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए सभी पुलिस कर्मी मुस्तैद रहें और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देशदीपक, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, उप जिलाधिकारी आंवला विदुषी सिंह, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।