
बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें दुर्घटनाओं की रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूलों के आसपास अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं तथा विद्यालय प्रशासन के समन्वय से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक करने पर भी बल दिया गया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र अथवा निर्धारित मानकों के कोई भी स्कूली वाहन सड़कों पर संचालित न हो।
बैठक में पेट्रोल पंपों, ढाबों और टोल प्लाजा के आसपास सड़क सुरक्षा से संबंधित संकेतक, होर्डिंग और बैनर लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आमजन में जागरूकता बढ़ाई जा सके। अधिकारियों ने अवगत कराया कि भारी वाहनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात्रि में उनकी दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ घरों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाया जा सकता है और जनहानि को कम किया जा सकता है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह, परिवहन विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।