मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जहां मार्केट रेट व सर्किल रेट में अधिक अंतर है, वहां सर्किल रेट बढ़ाए जाने के दिए गए निर्देश

बरेली, 25 अक्टूबर।
मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डल के सभी जिलों के जिलाधिकारी, संबंधित विभागों के अपर जिलाधिकारी तथा राजस्व वसूली से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मण्डलायुक्त ने राजस्व विभाग, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन, आबकारी तथा नगर निकायों से संबंधित वसूली कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां मार्केट रेट और सर्किल रेट में अधिक अंतर पाया जा रहा है, वहां सर्किल रेट को वास्तविक बाजार दरों के अनुरूप संशोधित कर बढ़ाया जाए, ताकि राजस्व में वृद्धि हो सके।

स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के संबंध में मण्डलायुक्त ने वसूली बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजीयन कार्यालयों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाई जाए तथा स्टाम्प शुल्क की चोरी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान यह अवगत कराया गया कि जनपद बदायूं को छोड़कर शेष जनपदों में एआरटीओ (प्रवर्तन) की स्थायी तैनाती नहीं है और चार्ज देकर कार्य कराया जा रहा है। इस पर मण्डलायुक्त ने प्रवर्तन कार्यों को सशक्त करने और वाहन चेकिंग एवं कर वसूली को तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में आईजीआरएस (जन शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा करते हुए पाया गया कि चार सन्दर्भ सी श्रेणी में आने के कारण मण्डल की रैंक छठे स्थान पर है। मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि “संतोषजनक” श्रेणी का प्रतिशत बढ़े और मण्डल की रैंक में सुधार हो।

राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले माह 23,175 वादों का निस्तारण किया गया है और अब मात्र 05 वर्ष से अधिक पुराने 430 प्रकरण लंबित हैं। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि इन शेष मामलों का भी शीघ्र निस्तारण किया जाए।

इसके अलावा बैठक में आरसी (वसूली प्रमाणपत्र) की प्रगति, आबकारी विभाग, नगर निकायों की वसूली, तथा राजस्व वसूली लक्ष्य की उपलब्धि की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी बरेली अविनाश सिंह, जिलाधिकारी पीलीभीत ज्ञानेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय, जिलाधिकारी शाहजहांपुर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, संबंधित जनपदों के अपर जिलाधिकारीगण तथा मण्डल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मण्डलायुक्त ने अंत में कहा कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर फील्ड में सक्रिय रहें, और विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।