बदायूं। जिला प्रशासन और महिला कल्याण विभाग द्वारा निराश्रित व्यक्तियों के पुनर्वासन के लिए एक विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उच्च न्यायालय द्वारा जनहित याचिका संख्या 571/2024 (ज्योति राजपूत बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य) में पारित आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के तहत की जा रही है। मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मुहिम का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अत्यंत दयनीय स्थिति में रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रेस्क्यू कर उन्हें नया जीवन देना है।
संवेदनशील इलाकों में चली रेस्क्यू ड्राइव

डीएम एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में गठित जिला स्तरीय समिति ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और सार्वजनिक स्थानों पर औचक चेकिंग की। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम, वन स्टॉप सेंटर और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र, लालपुल तिराहा, बालाजी मंदिर नौसेरा और मथुरिया चौक आदि इलाकों में व्यापक रेस्क्यू ड्राइव चलाई।
प्रशासन ने आम जनता से भी इस मानवीय कार्य में सहयोग की अपील की है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने कहा कि यदि कहीं भी कोई बच्चा, महिला या बुजुर्ग लावारिस अथवा अत्यंत दयनीय अवस्था में दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत महिला कल्याण विभाग को दें। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 112, 181 या चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी जानकारी दी जा सकती है।
इस विशेष रेस्क्यू अभियान के दौरान वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक प्रतीक्षा मिश्रा, पुलिस उपनिरीक्षक कंचनलता, चाइल्ड हेल्पलाइन से मुन्तजिम, सुनील कुमार और महिला आरक्षी इंदु पवार समेत कई विभागीय कर्मचारी और पुलिस बल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।