अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आज भिवाड़ी स्थित श्री श्याम वाटिका, पर नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण एवं मीडिया सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर भिवाड़ी, धारूहेड़ा, नीमराणा, बिलासपुर, मानेसर, दिल्ली, नोएडा, सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर बंधु, गणमान्य अतिथि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे कापड़ीवास से डीजे एवं 21 गाड़ियों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान के साथ प्रारंभ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि श्री आर. के. शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की एकता और परिवहन उद्योग में सामूहिक प्रयासों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उनके उपरांत आए हुए अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने अनुभव साझा किए।
इसके पश्चात नई कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा एवं शपथ ग्रहण संपन्न हुआ। नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष बृज मोहन तंवर, उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, सुनील, रामपाल, महासचिव मुकेश शर्मा, सचिव नरोत्तम शर्मा, अशोक तंवर, मुकेश चौधरी, निहाल सिंह, कोषाध्यक्ष रविन्द्र सिंह, मीडिया प्रभारी विनय पाण्डेय को भिवाड़ी की जिम्मेदारी दी गई।
साथ ही 51 लोगों की कार्यकारिणी एवं 11 वरिष्ठ ट्रांसपोर्टरों को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया, जो संगठन को दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
राष्ट्रिय अध्यक्ष आर के शर्मा ने अपने संबोधन में कहा “अखिल भारतीय ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन परिवहन उद्योग के हितों की रक्षा, एकता व सहयोग को मजबूत करने तथा सभी ट्रांसपोर्टर भाइयों को एक साझा मंच पर लाने के लिए निरंतर कार्यरत है।”
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। एसोसिएशन ने परिवहन क्षेत्र की समस्याओं व गतिविधियों को जन-जन तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका की सराहना की।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण माहौल में भारत माता की जय के उद्घोष और सामूहिक भोज के साथ हुआ। सभी उपस्थित जनों ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।