बरेली, 16 दिसम्बर। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ई.आर.ओ.) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 12 एवं 13 दिसम्बर को जनपद के समस्त मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट्स (बी.एल.ए.) के साथ बैठकें सम्पन्न कर ली गई हैं। इन बैठकों में बी.एल.ओ. द्वारा बी.एल.ए. को ए.एस.डी. (ASD) सूची उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने अनुरोध किया कि यदि उक्त सूची में कोई मतदाता गणना प्रपत्र भरने से रह गया हो, तो उसका गणना प्रपत्र भरकर 20 दिसम्बर तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करा दिया जाए।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि ए.एस.डी. सूची को बरेली की एन.आई.सी. वेबसाइट पर डी.ई.ओ. पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है, जिसे आवश्यकता अनुसार डाउनलोड किया जा सकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 34,05,820 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 26,82,507 मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें बी.एल.ओ. द्वारा एप के माध्यम से डिजिटाइज कर दिया गया है। प्राप्त गणना के सापेक्ष 3,47,988 मतदाता ऐसे हैं, जो वर्ष 2003 की मतदाता सूची से विभिन्न कारणों से मैप नहीं हो पाए हैं। इनका मैपिंग कार्य बी.एल.ओ. द्वारा किया जा रहा है। इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों से अनुरोध किया गया कि वे अपने द्वारा नियुक्त बी.एल.ए. को निर्देशित करें कि अधिक से अधिक मतदाताओं को 2003 की मतदाता सूची से मैप कराने में बी.एल.ओ. का सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि जनपद में 7,23,353 मतदाताओं को बी.एल.ओ. द्वारा ए.एस.डी. सूची में सम्मिलित किया गया है, जिसका पुनः सत्यापन किया जा रहा है। इस कार्य में भी राजनीतिक दलों से अपेक्षा की गई कि वे अपने बी.एल.ए. के माध्यम से बी.एल.ओ. को सहयोग प्रदान करें।

इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी बताया गया कि जो व्यक्ति 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहा है और मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराना चाहता है, वह फार्म-6 आवश्यक प्रपत्रों सहित संबंधित बी.एल.ओ. को उपलब्ध करा सकता है।

बैठक में समस्त ई.आर.ओ. सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।