दातागंज (बदायूं)। दातागंज क्षेत्र में एक होटल में प्रेमी जोड़ों के निजी पलों की चोरी-छिपे वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए होटल मालिक के बेटे और मैनेजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बदायूं रोड स्थित एक होटल में प्रेमी जोड़ों को किराये पर कमरे दिए जाते थे। आरोप है कि होटल के कमरों में गुप्त रूप से कैमरे लगाकर जोड़ों के निजी पलों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती थी। बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूले जाते थे।
हाल ही में एक प्रेमी जोड़े का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने होटल मैनेजर चंद्रपाल यादव (पुत्र स्व. चिम्मन लाल, निवासी पापड़ हमजापुर, दातागंज) और शानू गुप्ता (पुत्र पिंटू गुप्ता, निवासी दातागंज) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह की घटनाएं पहले कितनी बार हुई हैं तथा इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।