बदायूं।भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच सोमवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। कचहरी रोड से लेकर लावेला चौक और पुलिस लाइन से इंद्राचौक तक मुख्य मार्ग पर घंटों लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिससे राहगीर और दोपहिया वाहन चालक भीषण गर्मी व उमस से बेहाल नजर आए।
अवैध ऑटो स्टैंड के कारण लगता है,जाम
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कचहरी से लावेला चौक के बीच सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों और रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण मुख्य मार्ग बेहद संकरा हो गया है। सोमवार को पुलिस परीक्षा की वजह से अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने से दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहन आमने-सामने फंस गए। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
जाम में फंसी पुलिस वाहन और एम्बुलेंस
इतनी स्थिति गंभीर थी कि सामान्य यातायात के साथ-साथ पुलिस की गाड़ियां भी इस जाम में काफी देर तक फंसी रहीं। जाम के कारण लावेला चौक और कचहरी के आसपास के पूरे इलाके की रफ्तार थम सी गई।
गर्मी और धूप ने राहगीरों के छुड़ाए पसीने
दोपहर के समय तापमान चरम पर होने के कारण दुपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब रही। जाम में फंसे लोग छांव तलाशने के लिए व्याकुल दिखे। राहगीरों का कहना है कि शहर के इस मुख्य मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति बनती है, लेकिन प्रशासन द्वारा स्थायी पार्किंग या अतिक्रमण हटाने के ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जाम की सूचना मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। संकरे रास्तों से वाहनों को एक-एक कर आगे बढ़ाया गया। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारू रूप से बहाल किया जा सका, जिसके बाद ही राहगीरों ने राहत की सांस ली।