बेला के फूलों से सजा भव्य फूल बंगला, हनुमान चालीसा के पाठ और महाआरती में उमड़े भक्त
बदायूं। (सर्राफा बाजार): ज्येष्ठ मास के पावन अवसर पर मंगलवार को सर्राफा बाजार स्थित ऐतिहासिक ’84 घंटा हनुमान मंदिर’ में प्रथम बड़ा मंगल पर्व अत्यंत भक्ति भाव और धूमधाम के साथ मनाया गया। पूरा मंदिर परिसर बेला के फूलों की आकर्षक लड़ियों और भव्य फूल बंगले से महक उठा। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ बाबा के दर्शनों के लिए उमड़ पड़ी।

भक्तिमय हुआ वातावरण:
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काल 8:00 बजे हनुमान जी के विशेष पूजन से हुई। बाबा को सिंदूर और चमेली के तेल का चोला चढ़ाकर नवीन वस्त्रों एवं आभूषणों से उनका दिव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से आरती उतारकर लड्डुओं का भोग लगाया गया। भक्तों द्वारा लगाए गए ‘जय श्री राम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक और भक्तिमय हो गया।

शाम को हुई महाआरती:
संध्या काल में मंदिर का नजारा और भी अद्भुत रहा। शाम 7:30 बजे सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ। मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा ने इस दिन की महत्ता बताते हुए कहा कि “बड़ा मंगल के दिन ही भगवान श्रीराम और हनुमानजी का मिलन हुआ था। हनुमानजी कलयुग के जागृत देव हैं, जिनकी आराधना से भक्तों के सभी संकट और रोग-शोक दूर हो जाते हैं।”
व्यवस्था एवं उपस्थिति:
हनुमानजी के नवीन वस्त्र, आभूषण और भव्य फूल बंगला सजाने की विशेष व्यवस्था सुमित रस्तोगी द्वारा की गई। इस पावन अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, राम गोपाल पटवा, प्रदीप पटवा, वंश मिश्रा, अखिलेश गुप्ता, आलोक गुप्ता और शिवम देवल सहित बड़ी संख्या में नगर के श्रद्धालु उपस्थित रहे और धर्म लाभ उठाया।