बदायूं। उझानी कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष फरियाद अली ने बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उझानी स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने चुनावी बिगुल फूंकते हुए अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन पर भरोसा जताते हुए टिकट देती है और जनता के आशीर्वाद से वह चुनाव जीतते हैं, तो क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता होगी।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फरियाद अली ने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में पिछले कई सालों से कोई बड़ा काम नहीं हुआ है, जिससे इस क्षेत्र में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखकर जनता अब बदलाव चाहती है। कांग्रेस की जनहित नीतियों को लेकर स्थानीय लोगों के बीच एक बेहद सकारात्मक और मजबूत माहौल बन रहा है।उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के गरीब, मजदूर, किसान, युवा और कर्मचारियों की समस्याओं को हर स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। विशेष रूप से शिक्षा के गिरते स्तर को सुधारने के लिए बेहतर विद्यालय, आधुनिक सुविधाएं और युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्य किया जाएगा। फरियाद अली ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर धरातल पर सक्रिय हैं और क्षेत्र की जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनकी इस मजबूत दावेदारी पर सकारात्मक विचार करेगा।