अधिशासी अभियंता पर शासनादेश के उल्लंघन का आरोप
बदायूं।नलकूप खंड प्रथम, उपखंड प्रथम से सेवानिवृत्त हुए सिंचाई संघ के खंडीय उपाध्यक्ष विनोद कुमार का विदाई एवं सम्मान समारोह गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त कर्मचारी नेता मोहन स्वरूप गुप्ता ने की।
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के वरिष्ठ
पदाधिकारियों रविन्द्र मोहन सक्सेना, उपेन्द्र उपाध्याय, बृजेश कुमार चौहान, एवं प्रमोद कुमार शर्मा (मीडिया प्रभारी) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रीगुप्ता ने कहा कि कर्मचारियों की सेवा निवृत्ति नियत तिथि पर होनी चाहिए और शासनादेश के अनुसार देयों का समय से भुगतान होना चाहिए। विनोद कुमार को प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
उपाध्यक्ष रविन्द्र मोहन सक्सेना ने विभागीय अधिकारियों पर कर्मचारियों के शोषण और कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों के साथ विभाग को संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए।जिलामंत्री उपेन्द्र उपाध्याय ने आरोप लगाया कि विनोद कुमार को अभी तक सेवानिवृत्त देयक की कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है, जो शासनादेश का उल्लंघन है। उन्होंने धर्मग्रंथों के संदर्भों के माध्यम से सेवा और सम्मान का महत्व बताया।

इं. प्रमोद कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों में नैतिकता का अभाव है और कर्मचारी शोषण की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने अधिकारियों द्वारा राजस्व दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
सिंचाई संघ के अध्यक्ष सतेन्द्र शाक्य ने कहा कि अधिशासी अभियंता द्वारा नामित एई प्रथम को कार्यक्रम में उपस्थित न होने का मौखिक आदेश देकर एक सुनियोजित विरोध किया गया। उन्होंने भविष्य में विरोध का सामना करने की चेतावनी दी।
अंत में, विनोद कुमार को उनके परिवार व सहयोगियों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
प्रमुख उपस्थितजन:
अजय पाल, धर्मवीर, सौरभ शर्मा, मनोज कुमार, अरविंद राठौर, करन सिंह, रामकिशोर, मनीष कुमार, छोटे लाल सगर, राहुल गौतम, रामौतार आदि।
