
स्वतंत्रता दिवस पर भव्य सांस्कृतिक समारोह में मंत्री धर्मपाल सिंह रहे मुख्य अतिथि ,बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बरेली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के तौर पर मेयर डॉक्टर उमेश गौतम ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में कमिश्नर, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम फाइनेंस, एडीएम प्रशासन , पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रोग्राम ने बांधा समां..
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों के साथ हुई। विद्यालयों के बच्चों, सांस्कृतिक दलों और स्थानीय कलाकारों ने शहीदों के बलिदान व देश की एकता-अखंडता पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
मंच से संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम देशभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं और समाज में एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने सुंदर और व्यवस्थित आयोजन के लिए पुलिस व प्रशासन की सराहना की।
विशेष आकर्षण तब देखने को मिला, जब एडीएम फाइनेंस, एडीएम सिटी और एसडीएम ने भी मंच से अपनी प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने अधिकारियों की प्रतिभा की जमकर प्रशंसा की।
मिष्ठान पाकर खिले बच्चों के चेहरे..
समापन पर बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सफल आयोजन के लिए एडीएम सिटी सौरभ दुबे और सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की विशेष रूप से सराहना की और कहा कि उनकी मेहनत व टीमवर्क से यह आयोजन यादगार बन सका।
स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह प्रशासनिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और भावनात्मक स्तर पर भी अविस्मरणीय बन गया।