बरेली, 04 अप्रैल:
जनपद बरेली की तहसील सदर स्थित सभागार में मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस चौधरी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत में मण्डलायुक्त ने तहसील दिवस रजिस्टर एवं उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया और अधिकारियों की उपस्थिति व कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल है, जिसके तहत आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना जरूरी है।


उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालयों पर जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग पहले से की जा रही है और जल्द ही सभी तहसीलों में भी यह व्यवस्था लागू की जाएगी। ऐसे में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समाधान दिवस में समय से उपस्थित रहें और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें।


शिकायत निस्तारण में लापरवाही पर चेतावनी


मण्डलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का निस्तारण गुणवत्ता के साथ किया जाए।


शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने के निर्देश..


उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर यह सुनिश्चित करें कि वह समाधान से संतुष्ट है या नहीं। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों बढ़ेंगी।
बिचौलियों से बचने की अपील
मण्डलायुक्त ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याएं स्वयं लेकर आएं और किसी बिचौलिये का सहारा न लें। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जनता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें।


अधिकारी रहे मौजूद


इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।