Oplus_131072

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव दुगरैय्या में ट्रैक्टर साइड को लेकर हुए विवाद के मामले में तहरीर बदलने के बाद पुलिस की कार्यवाही सवालों में घिर गई है। पहले पीड़ित ने कुल्हाड़ी से हमले का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी लेकिन दो दिन बाद दी गई नई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
करोतिया गांव निवासी विकार उद्दीन के मुताबिक उनका भतीजा मुशाहिद 12 मार्च की शाम करीब साढ़े सात बजे ट्रैक्टर से आलू लादकर दुगरैय्या गांव से गुजर रहा था। आरोप है कि गांव में वर्तमान प्रधान के घर के सामने गली में सामने से भूसा भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। रास्ता देने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान दुगरैय्या निवासी अकरम पुत्र असलम, आशु पुत्र रफत, फैसल पुत्र भूरे मिस्त्री और जाविर पुत्र भूरे ने मुशाहिद के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अकरम ने लोहे की रॉड से मुशाहिद के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। जबकि घटना की रात पीड़ित मुशाहिद ने पुलिस को तहरीर देकर कुल्हाड़ी से हमले का आरोप लगाया था, लेकिन दो दिन बाद 14 मार्च को दी गई दूसरी तहरीर में आरोप बदल दिए गए। इसी बदली हुई तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।।