बदायूं: एमएफ हाईवे पर रोडवेज बस ने नहीं दिया एम्बुलेंस को रास्ता, 20 मिनट तक फंसा रहा जाम; 10,000 रुपये का चालान
बदायूं ज़िले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, गंभीर मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस बिसौली नगर से एमएफ हाईवे पर गुजर रही थी। एम्बुलेंस चालक द्वारा लगातार हूटर और हॉर्न बजाने के बावजूद रोडवेज बस चालक ने करीब 20 मिनट तक रास्ता नहीं दिया, जिसके चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
एम्बुलेंस चालक व मरीज के तीमारदारों ने इस घटना की शिकायत यातायात पुलिस से की। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित रोडवेज बस पर 10,000 रुपये का चालान काटा है।
स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि एम्बुलेंस को रास्ता न देना किसी की जान जोखिम में डालने जैसा है। पुलिस ने बस चालक को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी दी है।

