जनता दर्शन में आवेदन पर त्वरित कार्रवाई, अब तक 225 लोगों को 725 वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध

बरेली में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अविनाश सिंह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया, जहां दो व्यक्तियों ने विवाह समारोह के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग रखी।

इस पर अविनाश सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ऑयल कंपनी के सहयोग से मौके पर ही 8 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध करा दिए। डीएम की इस त्वरित कार्रवाई से आवेदकों को बड़ी राहत मिली और प्रशासन की कार्यशैली की सराहना भी हो रही है।

डीएम अविनाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में शादी-विवाह जैसे आयोजनों के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार अब तक 225 आवेदकों को कुल 725 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। यह व्यवस्था खासतौर पर उन परिवारों के लिए राहतभरी साबित हो रही है, जिनके यहां शादी जैसे बड़े कार्यक्रम होते हैं।

इसके अलावा, जनपद की 91 गैस एजेंसियों पर 5 किलोग्राम वाले “छोटू” एलपीजी सिलेंडर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। प्रशासन द्वारा एलपीजी बैकलॉग को जल्द खत्म करने और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

डीएम अविनाश सिंह ने यह भी बताया कि पीएनजी कनेक्शन लेने के इच्छुक लोग सीयूजीएल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, जहां नए कनेक्शन पर विशेष छूट भी दी जा रही है।