बरेली। नगर निगम बरेली ने संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य के निर्देश पर नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में बकाया संपत्ति कर वसूली अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार हरी मस्जिद के पास स्थित दुकानों पर भारी संपत्ति कर बकाया चल रहा है। इसके साथ ही एक्साइज विभाग की संपत्तियों पर भी कर बकाया होने की पुष्टि हुई है।
वहीं टिवरीनाथ मंदिर वाली गली में कई दुकानों पर लंबे समय से संपत्ति कर जमा नहीं किया गया है। इसके अलावा पासपोर्ट विभाग से जुड़े आवासीय भवनों पर भी कर बकाया पाया गया है।
नगर निगम की टीम ने ऐसे बकायेदारों की पहचान कर कई संपत्तियों को सील कर दिया है, जबकि अन्य बड़े बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“यदि निर्धारित समय सीमा में बकाया कर जमा नहीं किया गया, तो किसी भी स्थिति में कुर्की की कार्रवाई नहीं रोकी जाएगी। नगर निगम राजस्व वसूली को लेकर पूरी तरह गंभीर है।”
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में अभियान और तेज किया जाएगा तथा बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक करने के बाद अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से शहर के व्यापारियों और संपत्ति स्वामियों में हलचल मच गई है। निगम ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया जमा कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।