होमगार्ड परीक्षा के बाद बदायूं में लगा भीषण जाम, पुलिस की तत्परता से हालात सामान्य
बदायूं। जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद परीक्षार्थियों की भारी भीड़ एक साथ सड़कों पर उतर आई, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास तथा मुख्य चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। जाम के कारण आम राहगीरों, मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की जानकारी मिलते ही यातायात प्रभारी ललित कुमार एवं सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था को संभालने की कमान संभाली। उन्होंने जामग्रस्त मार्गों पर स्वयं खड़े होकर वाहनों को व्यवस्थित कराया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ किए गए प्रयासों के चलते धीरे-धीरे यातायात सुचारु होने लगा और कुछ ही समय में जाम की स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परीक्षा समाप्ति के बाद अचानक भीड़ बढ़ने से यह स्थिति बनी, लेकिन पुलिस की तत्परता और सक्रियता के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। लोगों ने यातायात प्रभारी ललित कुमार और थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनके प्रयासों को सराहनीय बताया।
यह घटना एक बार फिर शहर में बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता को उजागर करती है, जिससे भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।