
बदायूं। डीजे संचालक गोली लगने से घायल हो गया था जिसका निजी अस्पताल बरेली इलाज चल रहा था सोमवार सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
14 अगस्त की रात डीजे बजाने के विवाद में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव ने लाइसेंस बंदूक से डीजे संचालक के सीने में गोली मार दी थी। अभियुक्त को जेल भेजा जा चुका है। उधर, बरेली पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। डीजे संचालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस अभिरक्षा में अंतिम संस्कार हुआ।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला मीरा सराय निवासी अजय (25) पुत्र वीरेंद्र पाल सिंह शादी समारोह में डीजे बजाने का काम करता था। 13 अगस्त की देर शाम अजय का पड़ोस के रहने वाले आजाद समाज पार्टी के प्रदेश सचिव सुमित उर्फ समीर सागर से डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया था। 14 अगस्त की रात अजय अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। इसी बीच सुमित अपने पिता रामेश्वर दयाल की लाइसेंसी बंदूक लेकर वहां

आ धमका और उनसे बंदूक से अजय के सीने में गोली दाग दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसी रात अजय को बरेली ले गए थे। जहां उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इधर, पुलिस ने अजय के पिता की तहरीर पर सुमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही से उसके पिता की लाइसेंसी बंदूक भी जब्त कर ली थी।

सोमवार को अजय ने बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक का शव उसके आवास पर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। और शव को देखने वालों की भीड़ लग गई। पुलिस की अभिरक्षा में लालपुल स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराया गया।
पुलिस जानलेवा हमले की धारा में दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम करने की कार्रवाई की।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि अभियुक्त जेल जा चुका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे को हत्या की धारा में तब्दील किया जाएगा।






