
यूपी के टॉप-10 जिलों में बरेली की बड़ी उपलब्धि, DM अविनाश सिंह को मिला मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में दसवां स्थान
लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार की जून माह की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रिपोर्ट जारी कर दी गई है, जिसमें बरेली जिले के जिलाधिकारी (DM) अविनाश सिंह को प्रदेश के टॉप 10 कलेक्टरों में स्थान मिला है। यह सूची मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा राजस्व, विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं की निगरानी पर आधारित है। बरेली ने प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जालौन के DM राजेश कुमार पांडेय ने इस बार भी शीर्ष स्थान पर कब्जा बरकरार रखा है। खास बात यह है कि जालौन पिछले छह महीनों से लगातार टॉप 10 में अपनी जगह बनाए हुए है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर यह जिले की प्रशासनिक दक्षता, जनसेवा की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन को दर्शाता है।
डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहांपुर के DM धर्मेंद्र प्रताप सिंह दूसरे स्थान पर, अंबेडकरनगर के अनुपम शुक्ला तीसरे, महाराजगंज के संतोष कुमार शर्मा चौथे और श्रावस्ती के अजय कुमार द्विवेदी पांचवें स्थान पर हैं। इसके बाद ललितपुर के अक्षय त्रिपाठी को छठा, मैनपुरी के अंजनी कुमार सिंह को सातवां, हमीरपुर के घनश्याम मीणा को आठवां, बहराइच की DM मोनिका रानी को नौवां और बरेली के अविनाश सिंह को दसवां स्थान मिला है।
यह रैंकिंग राज्य सरकार द्वारा हर महीने की गई समीक्षा के आधार पर तैयार की जाती है, जिसमें जिलों के प्रशासनिक कार्य, योजनाओं की प्रगति, लोक शिकायत निवारण, डिजिटल सेवाओं की स्थिति, एवं राजस्व संग्रहण जैसी महत्वपूर्ण मानकों को देखा जाता है।
बरेली के डीएम अविनाश सिंह की इस उपलब्धि से जिले में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक दक्षता, समयबद्ध योजनाओं का निष्पादन और जनता से संवाद की मजबूत व्यवस्था इस रैंकिंग के प्रमुख आधार रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बनाए गए इस “CM Dashboard System” के जरिए अब जिलों के कामकाज की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाती है। यह रैंकिंग जिलाधिकारियों को न सिर्फ जिम्मेदारी का एहसास कराती है, बल्कि उन्हें अपनी कार्यशैली में निरंतर सुधार और प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित भी करती है।
यह उपलब्धि बरेली जैसे बड़े और चुनौतीपूर्ण जिले के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है और यह दर्शाता है कि यहां की प्रशासनिक मशीनरी पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।