जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम/कांवड़ यात्रा को लेकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु की संयुक्त बैठक

जनपद बरेली में आगामी मोहर्रम एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जाति या धर्म के आधार पर समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ग्रामों में प्रधान, सचिव, लेखपाल, चौकीदार व अन्य स्थानीय कर्मियों को संवेदनशील बनाते हुए उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि “हमें जातिवाद या सम्प्रदायवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद की भावना को बढ़ावा देना है। त्यौहारों के अवसर पर कुछ असामाजिक तत्व कानून-व्यवस्था बाधित करने का प्रयास करते हैं, जिन पर प्रशासन को सतर्क दृष्टि रखनी होगी।”

  • जिलाधिकारी ने फूड एवं ड्रग्स विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर स्थित खाद्य दुकानों, ठेलों आदि पर वेंडर का नाम व खाद्य सामग्री की रिटेल प्राइस लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए। साथ ही सावन मास के दौरान यात्रा रूट पर मांस की दुकानें बंद रखने के भी निर्देश दिए गए।

पूर्व की बैठकों में नागरिकों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्यवाही की समीक्षा भी बैठक में की गई। नगर आयुक्त श्री संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि पूर्व में चिन्हित 22 सुधार स्थलों में से 11 पर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष पर कार्य प्रगति पर है।

विद्युत विभाग द्वारा जुलूस रूटों पर ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग, तारों की मरम्मत एवं खंभों पर प्लास्टिक शीट लपेटे जाने की कार्यवाही की समीक्षा की गई। क्षेत्रीय एसएचओ द्वारा कार्यों की पुष्टि भी की गई।

लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा विभिन्न मार्गों की मरम्मत की समीक्षा की गई, विशेष रूप से तहसील फरीदपुर के अंतर्गत गौसगंज से धारमपुर मार्ग पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि “यदि किसी विभाग की लापरवाही के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित विभागाध्यक्ष के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती देवयानी, प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती दीक्षा भंडारी, नगर मजिस्ट्रेट श्री अलंकार अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, समस्त अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।