
वन महोत्सव-2025 के अवसर पर आज दिनांक 02 जुलाई 2025 को बरेली वन प्रभाग द्वारा विभिन्न स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जिला महिला अस्पताल, बरेली में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं के परिजनों को “ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट” एवं दो-दो पौधे (सहजन व सागौन) भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। यह पौधे शिशुओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य की आर्थिक सुदृढ़ता के प्रतीक के रूप में प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक, रूहेलखण्ड जोन पी.पी. सिंह एवं प्रभागीय वनाधिकारी बरेली दीक्षा भण्डारी द्वारा चार नवजात शिशुओं के परिजनों को यह पौधे एवं सर्टिफिकेट भेंट किए गए। अधिकारियों ने कहा कि “यह पौधा न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि बच्चों के साथ-साथ पनपकर भविष्य में उनके लिए एक आर्थिक संपत्ति का कार्य भी करेगा।”

इसी क्रम में ग्राम भरतौल के निकट भरतौल पौधशाला के समीप वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हरेंद्र पटेल, ब्लॉक प्रमुख बिथरी चैनपुर द्वारा वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बरगद, गुलमोहर, सागौन आदि प्रजातियों के कुल 400 पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी श्री वैभव चौधरी सहित ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वहीं बहेड़ी रेंज के अंतर्गत बरेली-काठगोदाम रेलमार्ग के किलोमीटर 28-29 के मध्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रश्मि जायसवाल, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बहेड़ी द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर कनकचंपा, बॉटलब्रश, शीशम, बरगद, पीपल व सागौन सहित कुल 150 पौधे रोपित किए गए। अतिथियों को शमी का पौधा भी स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट किया गया।

आंवला रेंज के अंतर्गत ग्रामसभा कोहनी प्रतापपुर में वन महोत्सव के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम प्रधान सहित स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता की और विभिन्न पौधों का रोपण किया।