जिलाधिकारी ने राम गंगा ज्येष्ठ दशहरा मेले की तैयारियों के संबंध में करी बैठक

जिलाधिकारी ने राम गंगा ज्येष्ठ दशहरा मेले की तैयारियों के संबंध में करी बैठक

मेले में बिजली, पानी तथा घाट के आस-पास गोताखोर एवं नाव की उचित व्यवस्था किए जाने के दिए निर्देश

बरेली, 04 जून। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज ग्राम चौबारी स्थित राम गंगा ज्येष्ठ दशहरा मेले की तैयारियों के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में संपन्न हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि रामगंगा ज्येष्ठ दशहरा मेला बहुत ही प्राचीन मेला है, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालु राम गंगा में स्नान करने आते हैं। उन्होंने जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देश दिए कि घाट के आस-पास तथा मेले में साफ-सफाई की व्यवस्था उचित रखी जाए। उन्होंने मेला प्रबंधक कमेटी को निर्देश दिए कि मेले में बिजली, पानी तथा घाट के आस-पास गोताखोर एवं नाव की उचित व्यवस्था भी की जाए, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि ज्येष्ठ दशहरा मेला दिनांक 03 जून से 07 जून 2025 तक चलेगा तथा मुख्य स्नान 05 जून 2025 को होगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर को निर्देश दिये कि खोया-पाया केन्द्र पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाये तथा लगातार एनाउन्समेंट भी कराई जाये। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिये गए कि घाटों के पास महिला/पुरुष के लिए वस्त्र बदलने हेतु अलग-अलग कक्ष बनाये जायें, चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेले में मेडिकल कैंप तथा एंबुलेंस की उचित व्यवस्था की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।