
बच्चे ने मांगी स्कूल की छुट्टी, डीएम ने दिया सीखभरा जवाब
सोशल मीडिया पर स्कूल की छुट्टी की मांग
रामपुर | मोबाइल की बढ़ती लत और ऑनलाइन गेमिंग की ओर बच्चों का झुकाव चिंता का विषय बनता जा रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में रामपुर के एक स्कूली छात्र ने जिलाधिकारी (डीएम) जोगिंदर सिंह को सोशल मीडिया पर एक संदेश भेजकर स्कूल की छुट्टी की गुजारिश की। बच्चे ने लिखा, “सर जी, कल स्कूल की छुट्टी कर दीजिए… प्लीज सर, प्लीज।”
बच्चे की इस मासूमियत भरी मांग पर जिलाधिकारी ने तुरंत जवाब दिया और उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, “कल कौन सा पर्व है? पढ़ाई पर ध्यान दीजिए।”
डीएम ने दिया स्मार्टफोन के सही उपयोग का संदेश
जिलाधिकारी ने इस दिलचस्प बातचीत को खुद सोशल मीडिया पर साझा किया और माता-पिता को बच्चों के बढ़ते मोबाइल उपयोग पर सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, “स्मार्टफोन का उपयोग सिर्फ पढ़ाई के लिए करें। बच्चों के साथ समय बिताएं, उन्हें मोबाइल की लत से बचाएं।”
मोबाइल की लत से बच्चों पर गहरा असर
विशेषज्ञों के अनुसार, ऑनलाइन क्लास के नाम पर बच्चे मोबाइल का अत्यधिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास प्रभावित हो रहा है। मनोवैज्ञानिक डॉ. कुलदीप चौहान का कहना है कि “मोबाइल की लत से बच्चे खेलकूद से दूर हो रहे हैं, जिससे वे शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर हो रहे हैं।”
बाल विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष ने बताया कि परिवार का एकल होना भी बच्चों के बढ़ते स्क्रीन टाइम का बड़ा कारण है। “माता-पिता अपने काम में व्यस्त रहते हैं और बच्चों को मोबाइल थमा देते हैं। नतीजा यह होता है कि बच्चे सामाजिकता से कट रहे हैं और मोबाइल के दुष्प्रभावों में फंसते जा रहे हैं।”
बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की जरूरत
डीएम जोगिंदर सिंह ने अपने संदेश में माता-पिता से आग्रह किया कि वे बच्चों को मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए उनके साथ अधिक समय बिताएं। उन्होंने लिखा, “अगर बच्चे को समय नहीं मिलेगा, तो वे डिजिटल दुनिया में और गहराई तक डूब जाएंगे।”
इस मजेदार लेकिन गंभीर संदेश ने सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरी और कई अभिभावकों को सोचने पर मजबूर कर दिया।