बदायूं।श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन मोहल्ला नई सराय पुलिस चौकी स्थित प्राचीन श्री राधा माधव मंदिर में बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ किया गया।कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर और रजी चौक, सुभाष चौक व मोहल्ला पटियाली सराय होते हुए वापस मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा

में भारी संख्या में महिला श्रद्धालु पीत वस्त्र पहन कर व सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई। इससे पूर्व कथा स्थल पर हवन पूजन किया गया।
कथावाचक श्याम सुंदर शिवराम महाराज ने कथा का शुभारंभ करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा, ऐसी कथा है, जो जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। इसलिए जहां भी भागवत कथा होती है, इसे सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से खत्म होकर सकारात्मक उर्जा से सशक्त हो जाता है।
उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब इसे हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। श्रीमद्भागवत कथा के श्रावण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है।


इस अवसर पर महंत रवीन्द्र कुमार मिश्रा, केशव शर्मा, महेन्द्र गुप्ता, अंकित साहू, सन्नी गुप्ता, मोहित गुप्ता, सुरेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, मधुर शर्मा आदि की उपस्थिति रही।
आयोजक शुभम अग्रवाल ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया एवं सात दिवसीय संगीतमय श्री मद भागवत कथा में प्रतिदिन आने का सभी से आग्रह किया।