महराजगंज : कोल्हुई थानाक्षेत्र के सोनचिरैया गांव में सोमवार को हृदयविदारक घटना सामने आई। एक ही मां-बाप के दो नन्हें-मुन्हें सगे भाई खेलने-कूदने के दौरान घर के सामने पानी भरे गड्ढे में डूब गए। इस घटना में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनो ने पुलिस को सूचना दिए बिना दोनों बच्चों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सोनचिरैया गांव के एक व्यक्ति के दो बेटे थे। इसमें एक छह साल व दूसरा तीन साल का था। सोमवार को दरवाजे पर खेलते हुए दोनों मासूम बच्चे दरवाजे के किनारे गड्ढे के पास चले गए। गड्ढे में पानी भरा था। दोनों उसी में गिर गए। बच्चों को स्नान कराने के लिए जब उनकी मां ढूंढने लगी तो दोनों नहीं मिले। परिजनो ने पास-पड़ोस में पूछताछ की। गांव में भी खोजबीन शुरू हुई। लेकिन दोनों नहीं मिले। इसके बाद परिजन दोनों को ढूंढते हुए दरवाजे के सामने गड्ढे की तरफ गए। जहां दोनों बच्चे पानी में मृत मिले। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्र हो गई। परिजनो ने शव को गड्ढे से निकाला। पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। इस मामले में कोल्हुई के थानाध्यक्ष राम सहाय चौहान ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की सूचना नहीं है। जांच-पड़ताल कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

नौतनवां तहसील प्रभारी दीपक बनिया