सम्भल। भारतीय इतिहास संकलन समिति के सदस्यों ने जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा के निवास पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग टेलीविजन के माध्यम से देखी। और जैसे ही चंद्रयान-3 चंद्रमा पर लैंड हुआ वैसे ही भारतीय इतिहास संकलन समिति के सभी सदस्य खुशी से झूम उठे। भारत माता की जय जयकार करते हुए वंदे मातरम के जय घोष के साथ हाथों में तिरंगा लिए हुए जिला अध्यक्ष के निवास दुर्गा कॉलोनी से प्रेम शंकर वाटिका, बरेली सराय, जनता पेट्रोल पंप होते हुए बहजोई रोड पर आकर आतिशबाजी छोड़ी। आतिशबाजी छोड़ते हुए सभी सदस्यों ने अपने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिला अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि जो पूरी दुनिया नहीं कर पाई भारतवर्ष ने कर दिखाया। बड़े-बड़े संपन्न, महारथी और विकसित राष्ट्रों को पीछे छोड़कर भारत ने दिखा दिया कि विश्व गुरु की परिभाषा क्या है। भारत माता के मुस्कुराते हुए चेहरे को आज पूरा संसार देख रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर मांग की कि 23 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाना चाहिए। जिससे दुनिया को यह दिन सदा के लिए याद रहे और प्रत्येक भारतवासी अपने देश के वैज्ञानिकों की सफलता और राजनीतिक नेतृत्व की परिपक्वता पर गर्व और गौरव कर सके।
भारतीय इतिहास संकलन समिति के पंकज सांख्यधर, मनीष चौधरी, अत्यंत त्यागी, डॉक्टर सुरजीत कौशिक, बृज गोपाल गुप्ता, मीनू रस्तोगी, नेहा मलय, सविता गर्ग आदि ने कहा कि केंद्र सरकार से हम सब पुरजोर मांग करते हैं कि 23 अगस्त को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने की केंद्र सरकार घोषणा करें। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष पंकज सांख्यधर ने किया।

सम्भल से खलील मलिक की रिपोर्ट