सीएनएन न्यूज भारत ब्यूरो महराजगंज ::सशस्त्र सीमा बल की एडीजी बी. राधिका मंगलवार को इंडो-नेपाल के सोनौली बार्डर पर पहुंची। नोमेंस लैंड का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम व जांच की प्रक्रिया का हाल जाना। एसएसबी 66वीं वाहिनी दोमुहान घाट मुख्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कड़ा निर्देश दिया। सीमा पर आवागमन कर रहे लोगों की जांच को परखा। सुरक्षा में तैनात जवानों को संदिग्धों पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया।

भारत नेपाल की सीमा इन दिनों सुरक्षा एजेंसियों के हिरासत में आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के बाद से काफी सुर्खियों में है। एसएसबी एडीजी के दो दिन का दौरा नोएडा से हिरासत में ली गई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर से जोड़कर देखा जा रहा है। एसएसबी एडीजी बी. राधिका मंगलवार की दोपहर 66 वीं एसएसबी मुख्यालय पहुंची। वहां उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा की सुरक्षा का हाल जाना। कहा कि सरहद की पहरेदारी के जिम्मा हम सब के कंधों पर है। नेपाल की खुली सीमा काफी चुनौतीपूर्ण है। खुली सीमा होने की वजह से संदिग्ध भी पगडंडी रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में निगरानी और सख्त करने की जरूरत है।

सोनौली सीमा का निरीक्षण के दौरान एडीजी बी. राधिका ने कहा कि भारत नेपाल का रोटी-बेटी का संबंध है। नेपाल भारत का मित्र देश है और दोनों देशों के सुरक्षा अधिकारी मिलकर सरहद की सुरक्षा करते हैं। इस दौरान एडीजी ने नेपाल के रुपन्देही एसपी भरत बहादुर कैसी सहित नेपाल आर्म और नेपाली सेना के कुछ अधिकारियों को गिफ्ट प्रदान किया। इस मौके पर आईजी लखनऊ रत्न संजय, डीआईजी गोरखपुर राजीव राना सहित एसएसबी के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।