सहसवान। अंत्येष्टि स्थल को लेकर भूमि स्वामी और अंत्येष्टि करने गए लोगों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौक़े पर पहुंचकर विवाद को शांत कराया और शव की अंत्येष्टि करा दी। दोनों पक्ष शमशान की भूमि निश्चित कराने की मांग पर अड़े रहे।
रविवार को महावा नदी के हरदत्तपुर घाट पर पुल के नीचे कुछ लोग शव लेकर अंत्येष्टि करने पहुंचे। हरदत्तपुर निवासी एक व्यक्ति वहां पहुंचा और अंत्येष्टि करने वाली जगह को अपना खेत बताते हुए अंत्येष्टि करने को मना कर दिया। अंत्येष्टि करने पहुंचे लोगों ने शमशान की भूमि निश्चित न होने पर इसी जगह अंत्येष्टि करने पर अड़े रहे। इसको लेकर दोनो पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को निपटाने की कोशिश की परंतु दोनों पक्ष शमशान की भूमि निश्चित कराने को लेकर अड़ गए। इसके बाद नायब तहसीलदार मौक़े पर पहुँचे परंतु शमशान की भूमि कहां पर है यह निश्चित नही हो सका। उन्होंनेे दोनो पक्षों को आश्वासन दिया कि आज अंत्येष्टि होने दें। आगे शमशान की भूमि को निश्चित करा दिया जायेगा। इसके बाद दोनों पक्ष सहमत हो गए और शव की अंत्येष्टि कर दी गई। नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभी अंत्येष्टि करा दी गयी है। आगे जाँच करने के बाद शमशान की भूमि निश्चित करा दी जायेगी।