सहसवान। 74वाँ गणतंत्र दिवस के अवसर पर सहसवान कोतवाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और लोगों को देश हित में कार्य करने का आह्वान किया। गणतंत्र दिवस उत्साह और उमंग से मनाया गया। सरकारी, अर्ध सरकारी, सहकारी कार्यालयों, स्कूल कॉलेजों में ध्वजारोहण हुआ। सरकारी, गैर सरकारी इमारतों पर रोशनी की गई। कोतवाली सहसवान में ध्वजारोहण के बाद कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस दिन ही हमारे देश को अपना संविधान मिला था। 26 जनवरी 1950 को सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर भारत का संविधान लागू किया गया था। संविधान लागू होने के बाद हमारा देश भारत एक गणतंत्र देश बन गया। इस के 6 मिनट बाद 10 बजकर 24 मिनट पर राजेंद्र प्रसाद ने भारत के पहले राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। इस दिन पहली बार बतौर राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद बग्गी पर बैठकर राष्ट्रपति भवन से निकले थे।यह संविधान ही है जो भारत के सभी जाति और वर्ग के लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखता है। भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। 2 साल, 11 महीने और 18 दिन में यह तैयार हुआ था। संविधान को लागू करने के लिए 26 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि 1930 में इसी दिन कांग्रेस के अधिवेशन में भारत को पूर्ण स्वराज की घोषणा की गई थी।कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने कहा कानून का पालन करना पुलिस का धर्म है ऐसे में लोगों के साथ अच्छा व्यवहार कर मित्र पुलिस की मिसाल कायम करनी चाहिए। पुलिस लोगों  की सहायता के लिए होती है ऐसे में पुलिस को लोगों की ज्यादा से ज्यादा मदद करनी चाहिए। अगर कोई कानून का उल्लंघन करता है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी करना चाहिए।