नाधा, बदायूं। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में न्यू आक्सफोर्ड विद्यालय में चल रहे 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा के चौथे दिन यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन हो गया। ग्रामीणों ने दक्षिणा में अपनी बुराई दी मातृशक्ति और देवकन्याओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए।

गो, गंगा, गायत्री, गीता, यह भारत की शान पुनीता के जयघोष से ग्रामीण नगरी गुंजायमान रही। शांतिकुंज हरिद्वार से आए कथा शिरोमणि परमेश्वर साहू ने कहा कि गुरु के जीवन भर का सपूर्ण तप और शक्ति शिष्य के उत्कर्ष के लिए होती है, भटकों समार्ग दिखाती है। श्रेष्ठ कार्यों से जीवन को बहुमूल्य बनाएं। बच्चों को अच्छे संस्कार देकर उदात्त और महान बनाएं। उन्होंने कहा प्रज्ञा पुराण का मूल उद्देश्य मानव में देवत्व और धरती पर स्वर्ग का अवतरण है।

प्रज्ञा पुराण व्यक्ति के दूषित चिंतन और भ्रष्ट आचरण को सुधारने वाली औषधि है। इसके सेवन से अनाचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार और व्यभिचार से मानव मात्र को मुक्ति मिलेगी और धरती पर सतयुग की आगमन होगा। सहायक टोली नायक अशोक पटेल ने कहा कि मानव जीवन को उपयोगी और उत्कृष्ट बनाने वाले आध्यात्मिक उपचार का नाम ही संस्कार है। शांतिकुंज के खुदीराम, जयओम डहेरिया, विनोद निहम ने मनुज देवता बने, बने यह धरती स्वर्ग समान प्रज्ञागीत का श्रवण कराया। यज्ञ में पुंसवन, अन्न प्रासन, नामकरण, विद्यारंभ, दीक्षा और जन्मदिवस और विवाह दिवस संस्कार भी हुए। नशा उन्मूलन, गौ संवर्धन, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या, मृतक भोज आदि के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण और कभी नशा न करने का संकल्प लिया। वहीं ग्रामीणों ने भी अपने बेटे-बेटियों की शादी में दहेज न लेने और देने का संकल्प लिया। नगर पालिका चेयरमैन दीपमाला गोयल ने शाम को दीपयज्ञ में गुरु पूजन, देव पूजन कर मां गायत्री की आरती की। लोककल्याणार्थ ग्रामीणों और दूर दराज से आए साधु-संतों ने यज्ञ भगवान को गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय की विशेष आहुतियां।यज्ञभगवान की परिक्रमा की। प्रखर बाल संस्कार शाला उझानी की ओर से यज्ञशाला में उपाचार्य रहीं देवकन्याओं, मातृशक्तियों और गणमान्य नागरिकों को कथा शिरोमणि परमेश्वर साहू, चेयरमैन दीपमाला गोयल, गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र और गायत्री मंत्र का पाठ का पहनाकर सम्मानित किया। भूमि शर्मा ने वेदमंत्रोच्चारण कर सभी का मनमोह लिया। इस मौके पर सीमा गुप्ता, सविता मालपानी, मनोज मिश्र, सचिन देव, नत्थू लाल शर्मा, दिनेश चंद गुप्ता, सुभाष, हिमांशु, उपदेश, मटरू लाल, अनेक सिंह, सुखपाल शर्मा, महेश चंद्र गुप्ता, रामवीर, मोनी गुप्ता, विवेक कुमार आदि मौजूद रहे।