बरेली, 23 जुलाई। जिलाधिकारी  शिवाकान्त द्विवेदी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत 11 से 17 अगस्त, 2022 ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम जनपद के समस्त सरकारी कार्यालय, गैर सरकारी कार्यालय, औद्योगिक इकाईयों, शहीद स्मारक, दुकानों, अन्य प्रतिष्ठानों एवं घरों में झंडा फहराया जाएगा। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि झंडा बनाने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुसार ही झंडा बनाया जाए। 
जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने आज ग्राम पंचायत मोहनपुर तथा ग्राम पंचायत फरीदाबाद इनायत खां विकासखंड बिथरी चैनपुर, विकासखंड भोजीपुरा के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे झंडे का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से कहा कि शासन के निर्देशानुसार ही झंडे बनाए जाएं। जिलाधिकारी को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अवगत कराया कि विकासखंड बिथरी चैनपुर के अन्तर्गत 35 महिलाओं द्वारा झंडा बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक दिन अधिक से अधिक झंडे बनाए जाएं। 
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विकास खण्ड भोजीपुरा के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अवगत कराया कि तीन स्वयं सहायता समूहों द्वारा झंडा बनाने का कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने समस्त स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत 11 से 17 अगस्त तक गांव के प्रत्येक घर में झंडा फहराए जाने के लिये प्रेरित किया जाए। 

सिटिल गुप्ता