बदायूं। आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अन्तर्गत उ. प्र. संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश के 75 जनपदों के महानायकों/स्वतंत्रता संग्राम सेवानियों की विशिष्ट भूमिका को रेंखांकित करते हुए सभी जनपदों के इतिहास लेखन का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में इस महत्वपूर्ण कार्य हेतु बदायूं जनपद का इतिहास बदायूं क्लब के सचिव, कवि व लेखक डॉ. अक्षत अशेष कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुये डॉ. अक्षत अशेष ने बताया कि जनपद बदायूं के इतिहास लेखन के अन्तर्गत जनपद के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व भौगोलिक पृष्ठभूमि सहित सन् 1857 की स्वतंत्रता संग्राम लड़ाई से लेकर सन् 1947 तक स्वतंत्रता प्राप्ति में योगदान देने वाले छिपे अनछिपे आज़ादी के नायकों के बारे में, इस दौरान हुये विभिन्न प्रमुख आंदोलनों, जनपद की भूमिका आदि प्रमुखता से प्रकाश्य कराने की योजना है। साथ ही वर्तमान में ऐसे नायको के परिजनों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर उनका परिचय, उनका योगदान एवं उनसे जुडे़ स्मारकों आदि को भी समाहित किया जायेगा। इसके लिए युद्ध स्तर पर पूरे जनपद में भ्रमण कर जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुस्तक में आज़ादी के बाद हुये युद्ध जैसे भारत-चीन युद्ध, भारत-पाक युद्ध, कारगिल युद्ध में जनपद के शहीद सैनिकों का परिचय आदि भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा। उन्होंने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मानित आश्रित परिजनों से अनुरोध किया है कि वे अपने से सम्बन्धित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में अधिक से अधिक विवरण, परिचय एवं फोटो, उनके स्मारकों आदि जानकारी दिनांक 25 जून तक अवश्य उपलब्ध करा दें।

(डॉ. अक्षत अशेष)