बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नौना गांव निवासी मेघ सिंह की 16 वर्षीय बेटी पुष्प बुधवार सुबह तकरीबन नौ बजे ईंट निकालने उतरी थी। बताया जाता है कि कुआं तकरीबन 12 फीट गहरा है। रस्सी की मदद से किशोरी उसमें उतरी और ईंट निकालने लगी।

इसी दौरान उसके ऊपर मिट्‌टी की ढांग आ गिरी और किशोरी उसमें दब गई। ढांग गिरने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों मौके पर पहुंच गए। निजी संसाधनों से मिट्‌टी हटाकर किशोरी को बाहर निकालने की जद्दोजहद में जुट गए। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गांव वालों ने बेहोशी की हालत में किशोरी को निकाल लिया।

यहां से उसे चंदौसी में स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सा ने परीक्षण के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। मृतक पुष्पा पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। इधर, परिजन फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे हैं। मामले की जानकारी पर पुलिस समेत हल्का लेखपाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

रिपोर्टर – भगवान दास