सोनौली महराजगंज ::नेपाल के भैरहवा में पुरी स्थित गोवर्धन मठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद ने सोमवार को धर्मसभा को संबोधित किया। कहा कि सनातन धर्म का पालन करना हर हिन्दू का दायित्व है। धर्म का पालन करने से इंसान नेक रास्तों पर चलता है। उन्होंने कहा कि नेपाल को लेकर शंकराचार्य ने कहा कि यह हिन्दू राष्ट्र था और आगे भी रहेगा। कार्यक्रम में मनोहारी झांकी भी निकाली गयी। धर्म सभा मे नेपाल के सभी मंदिर के पीठाधीश, साधु-संत, धार्मिक गुरुओं ने हिस्सा लिया।


धर्म महासभा विश्व ओमकार एकता महाभियान ने आयोजित की है। इसमें पुरी के शंकराचार्य समेत तीन सौ हिन्दू धर्मगुरु शामिल हुए। इस अवसर पर जगतगुरु शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती ने कहा कि कम्युनिस्ट भले ऊपर से दिखाते हों वह किसी को नहीं मानते, पर दिल से वह भी धार्मिक होते हैं। उन्होंने कहा चीन कि नजर नेपाल पर है। नेपाल सुरक्षित तो भारत को सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है।

कार्यक्रम के मूल आयोजित समिति के संयोजक कृष्ण प्रसाद शर्मा ने कहा यह आयोजन राजनैतिक नहीं है। यह कार्यक्रम नेपाल हिन्दू राष्ट्र कायम रहे, इसलिए आयोजित कराया गया है। यहां की आम जनता भी देश को हिन्दू राष्ट्र के रूप में देखना चाहती है। कार्यक्रम में नेपाल के धर्मगुरु डॉ. चिंतामणि योगी ने कहा कि विश्व ओमकार महाअभियान का गठन पूरे विश्व के सनातनी गुरुओं ने इसलिए बनाया ताकि नेपाल को हिन्दू राष्ट्र बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम तीन दिन तक चलेगा।


धर्मसभा में शाामिल होने के लिए भारत के पूरी स्थित गोवर्धन मठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद रविवार की देर रात ककरहवा बॉर्डर से लुम्बिनी होते हुए भैरहवा पहुंचे। जगह-जगह रास्ते में शंकराचार्य का स्वागत किया गया।