सहसवान, बदायूं। सहसवान नगर पालिका परिषद के प्रांगण में इस कार्यक्रम के आयोजक आतिफ निसार उर्फ जैनू व दानिश निसार के द्वारा अपने पिता श्री हाजी निसार हुसैन व माता की शादी की 50वीं वर्षगांठ (गोल्डन जुबली) के शुभ अवसर पर किया गया। इस कार्यक्रम में हिन्दुस्तान के मशहूर ओ मारूफ शायर एवं कवियों ने अपनी नज्मों और गजलों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर लिया।

कार्यक्रम की सदारत फरमा रहे हाजी निसार हुसैन ने शमा रोशन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की शुरूआत में दिल्ली से पधारे जावेद मुशीरी ने अपनी नात ऐ पाक पढ़ी। दिल्ली से पधारी अना दहलवी ने कुछ यूं कहा – प्यार के फूल मेरे दिल में खिलाने वाले, अब तो आजा मेरी नींदो को चुराने वाले।

एटा से पधारे कमल हातवी ने कहा – हवा से कह दो कि यूं खुद को आजमा के दिखाये, बहुत चराग जलाती है इक जला के दिखाये। कोटा से तशरीफ लाये कवि एवं शायर कुंवर जावेद ने अपने गीतों और शेरों से समा बांध दिया। उन्होंने कहा – कागजी फूलों में खुशबू तो नही होती है, इत्र उन पर भी छिड़क दो तो महक जाते हैं, तुम अगर कीमती हीरा हो तो रातों में मिलो, धूप में कांच के टुकड़े भी चमक जाते हैं।

गंज डुंडवारा से तशरीफ लाये अज्म शाकरी ने कहा – प्यास है सब्र है अहसासे वफादारी है, जान दे दी है मगर जंग नही हारी है। जमाल हसन हसनपुरी ने कहा – दिल किसी से तुम भी कभी लगाकर देखो, जो हुआ हाल हमारा वह तुम्हारा होगा। दिल्ली से आये खालिद अखलाक ने कहा – मैं जानता हूँ यह दरिया नही सहरा है, तो रेत पर ही चलो मछलियां बनाते हैं।

इनके अलावा सज्जाद झंझत और अनस फैजी ने अपने मजाहिया कलाम से श्रोताओं को खूब हंसाया। इस कार्यक्रम में वसीम नादिर, निगहत अमरोही, सुल्तान जहाँ पूरनपुरी, अजहान जिया, इमरान सैदपुरी और रिक अदा आदि ने अपनी गजलों और नज्मों को प्रस्तुत किया।

इस मुशायरे एवं कवि सम्मेलन की खूबसूरत निजामत डॉ0 हिलाल बदायूँनी ने की। उन्होंने अपने शेरों और गजलों से कार्यक्रम की सफलता में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा – इक घर को अपने खून से सींचा था बाप ने, बेटे ने पल में कर दिए दो घर अलग-अलग।

सभी शायरों और कवियों ने आतिफ निसार उर्फ जैनू और उनके भाई दानिश निसार को इस कार्यक्रम की व उनके वाल्दैन को उनकी शादी की 50वीं सालगिरह पर मुबारकबाद पेश की।

इस कार्यक्रम में अज़फार हुसैन, कमर जमशेद, अब्दुल फरीद खान, अंसार हुसैन, राजिब अली एडवोकेट, नासिर अली एडवोकेट, डॉ मुनीर अख्तर, मुनीश अली, अनस अली सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।