जरीफनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम जतकी के पास से आरोपी को दबोचा

बदायूं। जरीफनगर थाना पुलिस ने मोबाइल फोन छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को हसनपुर टप्पा वैश्य निवासी अवधेश पुत्र गंगा सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत के आधार पर थाना जरीफनगर में मुकदमा संख्या 306/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान प्रकाश में आए आरोपी आकाश पुत्र सत्यपाल निवासी कस्बा दहगवां को 4 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम जतकी के यात्री शेड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सहेन्द्रपाल मलिक व थाना जरीफनगर पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।