सहसवान। थाना उघैती क्षेत्र के गांव कोठा में दोनों हाथों में तमंचे लहराते युवक का फोटो वायरल होने के मामले में पुलिस की भूमिका पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी पूरे मामले को दबाने में लगे हुए हैं।
पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी नव प्रभात अभी भी खुलेआम घूम रहा है और पुलिस उसे पकड़ने के बजाय सिर्फ “जांच चल रही है” का रटा-रटाया जवाब दे रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वायरल फोटो में युवक के दोनों हाथों में तमंचे साफ तौर पर लगे हुए दिखाई दे रहे हैं, तो आखिर जांच किस बात की की जा रही है। फोटो में सब कुछ स्पष्ट होने के बाद भी थाना प्रभारी द्वारा जांच की बात कहना समझ से परे है।
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि पुलिस की इस ढिलाई के चलते क्षेत्र के युवाओं में अवैध असलहों का क्रेज बढ़ रहा है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर एक पांच दिन बीत जाने के बावजूद भी मुलजिम पुलिस की पकड़ से दूर क्यों है। क्या पुलिस जानबूझकर आरोपी को बचा रही है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।