सहसवान, बदायूं। आखिरकार सहसवान में बिजली चोरी के माफिया का साम्राज्य ढह गया। ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम बदायूं ने SDO सहसवान के नेतृत्व में ऐसी गोपनीय और करारी चोट मारी कि पूरे इलाके के कटियाबाजों में हड़कंप मच गया।
हाई-लॉस फीडर पर हो रही भारी लाइन लॉस की शिकायत पर विभाग ने जाल बिछाया और एक साथ कई ठिकानों पर छापा मारकर बिजली चोरों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
एक ही जगह पर 23 ई-रिक्शा चार्जिंग का काला कारोबार
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक बड़े अवैध चार्जिंग अड्डे पर छापा मारा, जहाँ 23 ई-रिक्शा सीधे मेन लाइन में कटिया डालकर चार्ज हो रहे थे। मौके पर कुल 17.084 किलोवाट का अवैध लोड पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि यहाँ रोजाना लाखों की बिजली चोरी कर जेबें भरी जा रही थीं।
दूसरी जगह 2 ई-रिक्शा और 3 AC चोर भी धरे गए
टीम ने दूसरे ठिकाने पर भी 2 ई-रिक्शा (5.687 किलोवाट लोड) पर कटिया से चार्ज होते पकड़े। इसके अलावा अभियान के दौरान 3 और शातिर उपभोक्ता बिना कनेक्शन के सीधी लाइन से कटिया मारकर AC और भारी उपकरण चलाते हुए पकड़े गए।
अब सीधे जेल, कोई समझौता नहीं
विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत FIR दर्ज करा दी है। अब इन पर लाखों रुपये का भारी जुर्माना (असेसमेंट) के साथ-साथ जेल की कार्रवाई भी तय है।
SDO सहसवान ने दो टूक कहा – “सहसवान फीडर पर बिजली चोरी अब बर्दाश्त नहीं होगी। यह तो सिर्फ ट्रेलर है, आने वाले दिनों में अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटरों पर इससे भी बड़ी कार्रवाई होगी। एक-एक कटियाबाज को चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।”