सहसवान- कोतवाली क्षेत्र के बड़ेरिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। पहले खेत में एक युवक के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी में एक महिला समेत करीब 8 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल बदायूं रेफर किया गया है। गांव में दो पक्षों के बीच हुई इस वारदात के बाद तनाव का माहौल है।
सूचना मिलते ही सहसवान पुलिस मौके पर पहुंच गई और गांव में शांति व्यवस्था कायम की। बताया जा रहा है कि विवाद में शामिल दोनों पक्ष दलित समाज से हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से अभी प्रार्थना पत्र लिया जा रहा है, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस गांव में मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
