बरेली। सावन के पावन महीने में कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से बदायूं रोड पर भव्य कांवड़ सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांवड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए उनके ठहरने, आराम करने और लेटने की व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा भंडारे और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई।
कांवड़ सहायता शिविर में उस समय माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया, जब बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय सहित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। फूलों की बारिश के बीच चारों ओर ‘हर हर महादेव’, ‘बोल बम’ और भगवान शंकर के जयकारे गूंजने लगे। कांवड़िए भी भक्ति में झूमते और नाचते नजर आए। पुष्पवर्षा के दौरान ऐसा दृश्य बना कि बदायूं रोड का पूरा क्षेत्र मानो भोले की भक्ति में रंग गया हो ।


कांवड़ियों के लिए टी-शर्ट की भी व्यवस्था..


बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से लगाए गए इस सहायता शिविर में एक अनोखी पहल भी देखने को मिली। कांवड़ियों के लिए विशेष रूप से टी-शर्ट की व्यवस्था की गई थी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं कांवड़ियों को टी-शर्ट वितरित कर उनका स्वागत किया। इस पहल को कांवड़ियों ने भी उत्साह के साथ स्वीकार किया।
शिविर में आयोजित भव्य भंडारे में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शिविर में मौजूद व्यवस्थाओं का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें रास्ते में विश्राम, स्वास्थ्य तथा भोजन की बेहतर सुविधा मिल सके, यही रहा।


विशेष द्वार से हुई अनोखी पुष्पवर्षा..


बदायूं रोड पर बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से बनाए गए विशेष द्वार ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसी द्वार के ऊपर से कांवड़ियों पर गन के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई। अनोखे अंदाज में हुई इस पुष्पवर्षा को देखकर कांवड़िए और वहां मौजूद लोग अभिभूत हो गए।
जैसे ही कांवड़ियों के ऊपर फूलों की बारिश शुरू हुई, पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। सड़क से गुजर रहे कांवड़िए भी इस स्वागत से उत्साहित नजर आए। फूलों से सराबोर कांवड़ियों का यह दृश्य श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया।


अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद..


कांवड़ सहायता शिविर में मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर उमेश गौतम, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, बीडीए के ज्वाइंट सेक्रेटरी अजीत कुमार सिंह, दीपक कुमार, सचिव वंदिता श्रीवास्तव सहित तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पत्रकार मौजूद रहे।


अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उनकी सुविधाओं का जायजा लिया और शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
कांवड़ सहायता शिविर में ठहरने और आराम की सुविधा, स्वास्थ्य सेवा, प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था तथा कांवड़ियों के स्वागत के लिए पुष्पवर्षा जैसी व्यवस्थाओं ने श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह पैदा किया।