सहसवान, बदायूं | सहसवान को जाम और अवैध वसूली से मुक्त कराने के लिए थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह एक बार फिर एक्शन मोड में आ गए हैं।
शाम के समय गश्त पर निकले थाना प्रभारी जब अकबराबाद राजमार्ग पहुंचे तो सड़क के दोनों ओर ठेलों, खोमचों और अवैध ऑटो स्टैंड की भरमार देखकर भड़क उठे। यातायात बाधित कर आम जनता को परेशान करने पर उन्होंने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई।
थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी –
“कल से राजमार्ग के किनारे कोई भी अवैध ऑटो स्टैंड या ठेला-खोमचा नहीं लगेगा। जो भी जाम लगाता मिला, उसके खिलाफ सीधी और कठोर कार्रवाई होगी। सहसवान की सड़कें जनता के लिए हैं, अतिक्रमणकारियों के लिए नहीं।”
पुराना इतिहास दोहराने की कोशिश
उल्लेखनीय है कि पूर्व में तैनात रहे सीओ अनिरुद्ध सिंह ने भी अवैध स्टैंड लगाने वालों को जमकर खदेड़ा था और नगर पालिका के नाम पर चल रहे “गुंडा टैक्स” वसूली पर पूरी तरह लगाम लगा दी थी।
लेकिन अब फिर से कुछ लोगों ने अवैध ऑटो स्टैंड बनवाकर ऑटो संचालकों से ₹50 प्रति फोटो के हिसाब से वसूली शुरू कर दी है। इसकी कई वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं।
वसूली करने वाले नगर पालिका के नाम पर रंगदारी मांगते हैं, लेकिन न तो कोई रसीद दी जाती है और न ही कोई स्लिप। कार्रवाई न होने से इनके हौसले लगातार बुलंद हैं।
जनता की मांग – जांच हो, कार्रवाई हो
नगर की जनता का सवाल है कि आखिर इतना बड़ा खेल किसके संरक्षण में चल रहा है? यह जांच का विषय है।
लोगों ने तेज-तर्रार थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह से मांग की है कि रंगदारी वसूलने वालों के खिलाफ गहन जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सीओ अनिरुद्ध सिंह के समय जैसा अनुशासन फिर से लौट सके।
स्थानीय लोगों ने थाना प्रभारी के इस अभियान का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इस बार अतिक्रमण और अवैध वसूली दोनों पर पूरी तरह रोक लगेगी।