सहसवान- ग्राम भवानीपुर खल्ली में एक बंदर के साथ हुई बर्बरता का मामला सामने आया है। पीपल फॉर एनिमल्स (PFA) बदायूँ ने थाना सहसवान में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु प्रार्थना पत्र दिया है।
संस्था के अध्यक्ष बीकेंद्र शर्मा को आज सूचना मिली कि मुन्नी अली पुत्र इकराम अली के घर के सदस्यों ने एक बंदर को बुरी तरह पीटा है। सूचना पर PFA की टीम सदस्य गौरव कुमार व नीरज मौर्य मौके पर पहुंचे। बंदर एक बंद घर में घायल अवस्था में मिला और उसके शरीर पर चोट के निशान थे।
टीम ने तुरंत 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बंदर को कब्जे में लिया। जांच के दौरान घटनास्थल के पास लगे एक CCTV कैमरे की फुटेज मिली। फुटेज में कुछ महिलाएं और बच्चे बंदर को मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। संस्था ने CCTV फुटेज पुलिस को ईमेल के जरिए भेज दिया है।
PFA के सदस्य गौरव कुमार ने बताया कि यह कृत्य पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 के तहत दंडनीय अपराध है। संस्था ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थाना सहसवान पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल बंदर का इलाज कराया जा रहा है।