
उत्तर प्रदेश के महानगरों और स्थानीय क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी की महानगर टीमें ‘डबल इंजन’ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। अभियान का उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत बरेली महानगर में भी लगातार जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं सलेक्शन पॉइंट टॉवर्स के एमडी नरेंद्र गुप्ता से मुलाकात कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण की दिशा में किए गए कार्यों से संबंधित साहित्य भेंट किया। इस दौरान सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को लेकर चर्चा भी की गई।
भाजपा महानगर की टीमें शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम नागरिकों से संपर्क कर रही हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें आर्थिक सुरक्षा, आवास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और किसानों से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता से बताया जा रहा है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जन धन योजना के माध्यम से बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकानों की सुविधा, उज्ज्वला योजना के जरिए रसोई गैस कनेक्शन, मुद्रा योजना और स्टार्टअप इंडिया के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है।
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं में कन्या सुमंगला योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) जैसी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उत्तर प्रदेश में भी कानून व्यवस्था, सड़क, उद्योग और विकास योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच रखा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में बरेली महानगर में अधीर सक्सेना के नेतृत्व में संगठन लगातार जनसंपर्क अभियान को गति दे रहा है और लोगों से संवाद कर सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा कर रहा है।