तपोसिद्ध मंदिर होगा भव्य पर्यटक स्थल, 76 लाख से सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ, विधायक ने किया भूमि पूजन।

विधानसभा क्षेत्र बदायूँ के ग्राम घोंसपुर में स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध तपोसिद्ध मंदिर को अब पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। शहर विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 76 लाख रुपये की धनराशि दिलाकर आज विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आधारभूत विकास को नई गति मिली है। सरकार की मंशा है कि आस्था के केंद्रों को विकसित कर उन्हें पर्यटन से जोड़ते हुए स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को सशक्त किया जाए। इसी क्रम में घोंसपुर स्थित तपोसिद्ध मंदिर का सौंदर्यीकरण क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगा।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प के साथ बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है। “मेरी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है, मैं लगातार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हूं,” उन्होंने कहा।
यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मान्यता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्थान महान संत तपोसिद्ध महाराज की तपोस्थली रहा है और इसका विशेष पौराणिक महत्व भी है। पूर्व में यहां मां गंगा के प्रवाह की भी मान्यता प्रचलित है।
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग थी कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से भेंट कर प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसके फलस्वरूप मंदिर के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत हुई।
मंदिर के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस पहल से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने कहा कि विधायक के प्रयासों से घोंसपुर का तपोसिद्ध मंदिर जल्द ही एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होकर बदायूँ की पहचान बनेगा।इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रामचरण पाल, श्री कृष्ण पाठक, अंकित शाक्य, पंकज गुप्ता, रामु सिंह, धीरेन्द्र सिंह,हरवंश पाल, आदेश शर्मा, कमलेश गुप्ता, शितांशु सिंह सहित आदि लोग मौजूद रहे।