सहसबान- बदायूं। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही का जीता जागता नमूना दंहगबा के पास बन चुका है बदायूं-मेरठ राजमार्ग। करोड़ों रुपये खर्च कर कुछ सालों पहले बनी यह सड़क पहली ही बारिश में उखड़ गई। जबकि बरसात अभी शुरू तक नहीं हुई है ।पूरे मार्ग पर गहरे गड्ढे ही गड्ढे हैं, पर PWD द्वारा अब तक कोई मरम्मत नहीं कराई गई है।

हालात ये हैं कि दोपहिया वाहन चालक रोज गिरकर चोटिल हो रहे हैं। मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस तक इन गड्ढों में हिचकोले खाती है। स्थानीय दुकानदारों का धंधा चौपट हो रहा है क्योंकि धूल और कीचड़ से ग्राहक आना बंद हो गए।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि घटिया सामग्री से सड़क बनाई गई और अब अधिकारी शिकायतों के बाद भी आंख मूंदे बैठे हैं। “टेंडर पास कराना और कमीशन खाना ही काम रह गया है, जनता जाए भाड़ में”, एक आक्रोशित व्यापारी ने कहा।

बारिश बीते कई दिन हो चुके हैं, पर एक भी JCB या मजदूर सड़क पर नजर नहीं आया। PWD के जिम्मेदार अधिकारी फोन उठाने तक को तैयार नहीं। सवाल ये है कि जब नए बने हाईवे की ये हालत है तो जनता के टैक्स का पैसा आखिर जा कहां रहा है?

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि एक हफ्ते में मरम्मत शुरू नहीं हुई तो वे हाईवे जाम कर प्रदर्शन करेंगे।

इस राजमार्ग से सैकड़ो की तादात में ओवरलोड वाहन गुजरते हैं जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने का डर भी बना रहता है कहीं इस गड्ढे में गाड़ी का पहिया चला गया तो बिना पलटे गाड़ी किसी भी कीमत पर नहीं बचेगी। बदायूं मेरठ राजमार्ग पर कई स्थानों पर गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं जिसके चलते हर समय जनहानि हादसा होने का डर बना रहता है।