Oplus_131072

बदायूं। बरेली-बदायूं हाईवे मार्ग पर स्थित मलगांव के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रही 48 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना बिनावर क्षेत्र के मुराव गोटिया निवासी असलम की पत्नी परवीन बानो (48 वर्ष) गुरुवार रात घर से मलगांव होते हुए दिल्ली जाने के लिए निकली थीं। जैसे ही वह मलगांव के पास बरेली-बदायूं हाईवे पर पहुंचीं, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि परवीन बानो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
राहगीरों की सूचना पर थाना बिनावर के हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल शहनवाज और महिला कांस्टेबल सरिता तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति असलम ने बताया कि उनकी पत्नी दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन रास्ते में ही इस हादसे का शिकार हो गई। पुलिस फिलहाल टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।