सहसवान (बदायूं)। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के ग्राम सुजातगंज बेला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर भी चले, जिसमें एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
ग्राम सुजातगंज बेला निवासी साहिबन पत्नी मुश्ताक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही कुछ युवकों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। पीड़िता के अनुसार 13 मार्च 2026 को उक्त युवकों ने उसके पुत्र मुसव्वर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी, जिससे उसे चोटें आई थीं।
आरोप है कि रविवार को मोहल्ले के ही आमीन, मुवीन, शारिक और अकरम पुत्रगण वासिक अली एक राय होकर पीड़िता के घर में घुस आए और उसके पति मुश्ताक के साथ मारपीट करने लगे। जब पीड़िता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके पति के दाएं पैर में धारदार हथियार से वार कर दिया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली सहसवान पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सहसवान कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Oplus_131072